भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के 10वें मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली-(27-OCT-2014) C.A

| Monday, October 27, 2014
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के 10वें मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ ली. राज्य के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने उन्हें मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ पंचकूला के मेला मैदान में 26 अक्टूबर 2014 को दिलाई. परंपरा से हटकर इस बार हरियाणा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ के बजाय पंचकूला में आयोजित किया गया.
शपथ ग्रहण समारोह में महिला विधायक कविता जैन (सोनीपत) सहित छह कैबिनेट मंत्रियों और तीन राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) को भी शपथ दिलाई गयी. शपथ लेने वाले कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा (महेंद्रगढ़), कैप्टन अभिमन्यु (नारनौंद), ओमप्रकाश धनखड़ (बादली), अनिल विज (अंबाला कैंट) और नरबीर सिंह (बादशाहपुर) शामिल रहे. राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर विक्रम सिंह ठेकेदार (कोसली), कृष्ण कुमार बेदी (शाहाबाद) और करणदेव कंबोज (इंदरी) ने शपथ ग्रहण की.

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री, भाजपा शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी शामिल हुए.
 
राज्य में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा को पहली बार सरकार बनाने का अवसर मिला है.
मनोहर लाल खट्टर से संबधित मुख्य तथ्य 
मनोहर लाल खट्टर का जन्म रोहतक जिले में हुआ था. उन्होंने स्नातक की उपाधि ली. 
वह पहली बार कोई चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे. 
मनोहर लाल खट्टर (60 वर्ष) करनाल विधानसभा से भाजपा के टिकट पर 63737 मतों के अंतर से निर्वाचित हुए. 
मनोहर लाल खट्टर ने देश सेवा के लिए शादी नहीं की, 40 साल से समाज सेवा में सक्रिय रहे.
मनोहर लाल खट्टर चार दशक के लंबे समय से संघ और भाजपा से जुड़े रहे हैं और हरियाणा के पहले पंजाबी मुख्यमंत्री हैं. 
खट्टर 1980 में पूर्णकालिक प्रचारक के तौर पर संघ से जुड़े थे. 
वह संघ में 14 साल तक सेवाएं देने के बाद उन्हें 1994 में भाजपा में भेज दिया गया और हरियाणा का महासचिव बनाया गया. 
मनोहर लाल खट्टर राज्य में पिछले 18 साल में पहले और कुल पांचवें गैर-जाट मुख्यमंत्री हैं. गैर जाट मुख्यमंत्री के रूप में राज्य में इनसे पहले 1991 से 1996 तक भजन लाल रहे. उनके बाद के 18 साल जाट मुख्यमंत्रियों बंसी लाल, ओमप्रकाश चौटाला (दो बार) और भूपेंद्र सिंह हुड्डा (दो बार) के नाम रहे.

विदित हो कि खट्टर को 21 अक्टूबर 2014 को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था. इससे दो दिन पहले ही भाजपा पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014 में जीत हासिल की और राज्य में पहली बार पार्टी की सरकार बनीं. हरियाणा में भाजपा पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई. उसे 90 सदस्यीय विधानसभा में 47 सीटें प्राप्त हैं.



0 comments:

Post a Comment