अफगानिस्तान ने वर्ष 2015 के आईसीसी विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया-(05-OCT-2013) C.A

| Saturday, October 5, 2013
अफगानिस्तान ने शारजाह में कीनिया को 7 विकेट से पराजित कर विश्व क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप-2013 में दूसरे स्थान पर रहते हुए पहली बार आईसीसी विश्व कप के लिए 4 अक्टूबर 2013 को क्वालीफाई किया.
फाइनल मुकाबले का टॉस अफगानिस्तान ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया. मुकाबले में कीनिया ने 43.3 ओवर में 93 रन बनाए और अफगानिस्तान ने इस लक्ष्य को 20.5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर प्राप्त किया. अफगानिस्तान की जीत में बायें हाथ के स्पिनर हमजा होटक, कप्तान मोहम्मद नबी और हशमतुल्लाह शैदी की अहम भूमिका रही.
विश्व क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप में अफगानिस्तान के 19 अंक रहे और वह दूसरे स्थान पर रहा. इस चैम्पियनशिप में 24 अंकों के साथ आयरलैंड विजेता रहा. आयरलैंड टूर्नामेंट के जरिये वर्ष 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम रही.
वर्ष 2015 के आईसीसी विश्व कप से संबंधित मुख्य तथ्य
वर्ष 2015 का आईसीसी विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में संयुक्त रूप से आयोजित होना है.
विश्व क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप में दूसरे स्थान पर रहते हुए अफगानिस्तान ने आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल ए में जगह बनाई है जिसमें सहमेजबान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के अलावा बांग्लादेश, इंग्लैंड, श्रीलंका और तीसरा क्वालीफायर हैं.
अफगानिस्तान द्वारा आईसीसी क्रिकेट विश्व कप का अपना पहला मैच 18 फरवरी 2015 को कैनबरा के मनुका ओवर में बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाना है.
अफगानिस्तान की टीम द्वारा 22 फरवरी 2015 को डुनेडिन में श्रीलंका, 26 फरवरी 2015 को डुनेडिन में ही तीसरे क्वालीफायर, 4 मार्च 2015 को पर्थ में ऑस्ट्रेलिया, 8 मार्च 2013 को नेपियर में न्यूजीलैंड जबकि 13 मार्च 2013 को सिडनी में इंग्लैंड से मैच खेला जाना निर्धारित है.
विदित हो कि अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम वर्ष 2010 और वर्ष 2012 में ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप खेल चुका है.




0 comments:

Post a Comment