रुस ने ईरान को S-300 मिसाइल प्रणाली देने पर लगा प्रतिबंध हटाया-(19-APR-2015) C.A

| Sunday, April 19, 2015
13 अप्रैल 2015 को रूस ने ईरान पर लगाए गए S- 300 मिसाइल प्रणाली देने पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया. S- 300 मिसाइल प्रणाली सतह-से-हवा में मार करने वाला मिसाइल रक्षा प्रणाली है जिसका इस्तेमाल जेट्स और दुश्मन की मिसाइलों समेत कई लक्ष्यों को भेदने के लिए किया जा सकता है.

रूस ने यह प्रतिबंध P5+1, ईयू और ईरान के बीच 2 अप्रैल 2015 को हुए एक अनौपचारिक समझौते के मद्देनजर किया जिसमें 30 जून 2015 तक ज्वाइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ एक्शन (JCPOA) का अंतिम मसौदा तैयार करने का फैसला किया गया है.

समझौते के तहत, ईरान अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा खुद पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के बदले अपने परमाणु हथियार विकास कार्यक्रम को रोकने के लिए सहमत हो गया है.
 
ईरान द्वारा 2010 में अपने परमाणु कार्यक्रम की घोषणा करने के बाद से रूस द्वारा ईरान पर लगाया गया यह एकमात्र प्रतिबंध था.


अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा यह आशंका जाहिर करने के बाद कि मिसाइल प्रणाली का प्रयोग ईरान हवाई हमलों से अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की रक्षा के लिए कर सकता है, के बाद से रुस ने 800मिलियन अमेरिकी डॉलर के इस सौदे का निष्पादन रोक रखा था.

पत्रकार ओम थानवी 24वें बिहारी पुरस्कार 2014 से सम्मानित-(18-APR-2015) C.A

| Saturday, April 18, 2015
प्रसिद्ध लेखक एवं पत्रकार ओम थानवी को 13 अप्रैल 2015 को के.के. बिरला फाउंडेशन का 24वां बिहारी पुरस्कार-2014’ प्रदान किए जाने की घोषणा की गई.
ओम थानवी को यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके यात्रा वृत्तांत मुअनजोदड़ो’ (Muanjodoro) के लिए दिया जाएगा. इस पुरस्कार के तहत प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह व एक लाख रुपये की राशि भेंट की जाती है.
पत्रकार ओम थानवी के बारे में
ओम थानवी का जन्म 1 अगस्त 1957 में जोधपुर के फलोदी कस्बे में हुआ. पत्रकारिता में आने से पहले वे रंगमंच की गतिविधियों में संलग्न रहे. वर्ष 1980 में वे पत्रकारिता से जुड़े. वर्ष 1989 में राष्ट्रीय दैनिक जनसत्ता से जुड़े.
बिहारी पुरस्कार के बारे में
बिहारी पुरस्कारकी स्थापना वर्ष 1991 में हुई थी. केके बिरला फाउंडेशन द्वारा स्थापित बिहारी पुरस्कार राजस्थान के हिन्दी या राजस्थानी भाषा के लेखकों को प्रदान किया जाता है. पिछले दस वर्षों में प्रकाशित राजस्थानी लेखकों की कृतियों में से विजेता का चयन किया जाता है.

प्रथम बिहारी पुरस्कार डा. जयसिंह नीरज को उनके काव्य संकलन ढानी का आदमीके लिए दिया गया.

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने सैन्य अदालतों द्वारा फांसी की सज़ा पर रोक लगायी-(18-APR-2015) C.A

|
पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने 16 अप्रैल 2015 को सैन्य अदालतों द्वारा दिए गए मौत की सजा के आदेश को निलंबित कर दिया. यह निलंबन अप्रैल 2015 में सैन्य अदालतों द्वारा कैदियों को दी गयी मौत की सज़ा की वैधता साबित होने तक लागू रहेगा.

कोर्ट का यह आदेश सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा दायर एक याचिका में फांसी की सज़ा पर रोक लगाने की मांग के बाद आया है. यह याचिका मानवाधिकार कार्यकर्ता तथा वकील अस्मा जहांगीर द्वारा दायर की गई थी.

इस याचिका द्वारा सैन्य अदालतों में कैदियों की निष्पक्ष सुनवाई के प्रावधानों को चुनौती दी गयी. इसमें यह भी कहा गया कि सैन्य अदालतों में होने वाली सुनवाई न तो जनता के सम्मुख होती है न ही पारदर्शी होती है. इसमें सैन्य अदालतों द्वारा सिद्धांतों का पालन नहीं किये जाने का आरोप भी लगाया गया.

पृष्ठभूमि
पाकिस्तान ने 19 दिसम्बर 2014 को उग्रवादियों द्वारा पेशावर स्थित सेना के एक स्कूल में लगभग 150  छात्रों और कर्मचारियों की हत्या के बाद फांसी पर पिछले 7 वर्ष से लगाया गया प्रतिबन्ध हटा लिया गया.


संसद ने एक संवैधानिक संशोधन पारित कर के सेना को समानांतर अधिकार देते हुए संदिग्ध आतंकवादियों पर सैन्य अदालतों में मुकदमा चलाने की व्यवस्था कायम की ताकि इस मामलों पर तेज़ी से काम हो सके. इस संशोधन के बाद जनवरी 2015  में नौ सैन्य अदालतें स्थापित की गयीं.


फांसी पर लगे प्रतिबन्ध को हटाये जाने के बाद 60 कैदियों को नागरिक अदालतों के आदेश पर फांसी दी गयी.

मानव अधिकार समूहों के अनुसार पाकिस्तान में मौत की सज़ा प्राप्त कैदियों की संख्या 8000 से अधिक है.  मार्च 2015 में सरकार ने घोषणा की कि जिन कैदियों के अपील तथा क्षमादान अधिकार ख़ारिज कर दिए गए हैं उन्हें फांसी दी जाएगी

वन्कैदारथ सरिता डीटीसी की पहली महिला बस चालक नियुक्त-(18-APR-2015) C.A

|
वन्कैदारथ सरिता 17 अप्रैल 2015 को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की पहली महिला बस ड्राइवर नियुक्त की गयीं. वह तेलंगाना के नलगोंडा की 30 वर्षीय ड्राइवर हैं. 

उन्हें सरोजनी नगर डिपो में दिन के समय ड्यूटी पर तैनात किया गया है. वह 20 अप्रैल 2015 से आधिकारिक तौर पर काम शुरू कर देंगी.


सरिता ने एक ऑटोरिक्शा चालक के रूप में अपने कैरियर की शुरुआत की, वे हैदराबाद में बस ड्राइवर के रूप में पहले भी काम कर चुकी हैं. डीटीसी के लिए चयनित होने से पहले वह दिल्ली में एक टैक्सी चालक के रूप में काम कर रही थी.

डीटीसी में सरिता की भर्ती इस क्षेत्र में लिंग असमानता की खाई को कम करने में सहायक होगा.

नरेंद्र मोदी ने स्टीफन हार्पर को गुरु नानक देव शीर्षक लघु चित्र भेंट किया-(18-APR-2015) C.A

|
लघु चित्र शीर्षक गुरु नानक देव: जयपुर के कलाकार वीरेंद्र बन्नू द्वारा चित्रित

15 अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर को गुरु नानक देव शीर्षक एक लघु चित्र उपहार में दिया. मोदी 14 अप्रैल 2015 से 16 अप्रैल 2015 तक कनाडा की सरकारी यात्रा पर थे.
इस लघुचित्र में गुरु नानक देव अपने दो शिष्यों भाई मरदाना तथा भाई बाला के साथ बैठे हैं. यह चित्र पारंपरिक भारतीय लघु शैली में चित्रित है. यह प्राकृतिक रंगों के साथ हस्तनिर्मित कागज पर तत्कालीन परिदृश्यों को दिखाते हुए बनाया गया चित्र है. 

यह चित्र जयपुर के कलाकार वीरेंद्र बन्नू द्वारा बनाया गया है, बन्नू का परिवार सात पीढ़ियों से इसी कला में माहिर है. बन्नू भी इस कला को अपने परिवार की विरासत के रूप में आगे ले जा रहे हैं.

भारत और कनाडा के प्रधानमंत्री ने हंबर बे पार्क स्थित कनिष्क एयर इंडिया मेमोरियल स्थल का दौरा किया-(18-APR-2015) C.A

|
हंबर बे पार्क, टोरंटो: कनिष्क एयर इंडिया स्मारक स्थल
कनाडा के टोरंटो में स्थित हंबर बे पार्क 16 अप्रैल 2015 को उस समय सुर्खियों में आया जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने कनिष्क एयर इंडिया मेमोरियल स्थल पर जाकर मारे गए 329 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस स्मारक का 22 जून 2007 को अनावरण किया गया था. यह स्मारक 23 जून 1985 को एयर इंडिया के कनिष्क विमान में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों की स्मृति में बनाया गया था.

कनिष्क हादसे के बारे में
मांट्रियाल से नई दिल्ली जा रहा एयर इंडिया का विमान कनिष्क 23 जून 1985 को विष्फोट से उड़ा दिया गया. इस आतंकी हमले में 329 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकांश भारतीय मूल के कनाडाई नागरिक थे. यह कनाडा के इतिहास की सबसे बड़ी आतंकी घटना थी.

भारतीय मूल की राज राजेश्वरी न्यूयॉर्क में न्यायाधीश नियुक्त-(18-APR-2015) C.A

|
भारतीय मूल की अमेरिकी महिला राज राजेश्वरी को 16 अप्रैल 2015 को न्यूयॉर्क में न्यायाधीश नियुक्त किया गया. ये पहला मौका है जब कोई भारतीय मूल का व्यक्ति न्यूयॉर्क में न्यायाधीश नियुक्त किया गया हो.
चेन्नई में जन्मी 43 वर्षीय राज राजेश्वरी 16 साल की उम्र से ही अमेरिका में हैं. उन्हें मेयर बिल डे ब्लेसियो ने न्यूयॉर्क न्यायालय के पीठ के लिए नामांकित किया था.
विदित हो कि एक वकील के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान राज राजेश्वरी ने दक्षिण एशियाई मूल के परिवारों में घरेलू उत्पीड़न के कई मामले को अपने स्तर पर न्यायालय में उठाया.

टेनेसी हाउस ने बाइबल को अधिकारिक राज्य पुस्तक बनाने के लिए वोट किया-(18-APR-2015) C.A

|
टेनेसी हाउस के प्रतिनिधियों ने 16 अप्रैल 2015 को एंड्रयू जैक्सन की बाइबिल को अमेरिकी राज्य टेनेसी की अधिकारिक राज्य पुस्तक बनाने के लिए मतदान किया. यह विधेयक पारित होने के लिए सीनेट भेजा जाएगा, यदि यह सीनेट में पारित हो जाता है तो एंड्रयू जैक्सन की बाइबिल को राज्य की आधिकारिक पुस्तक का दर्जा मिल जायेगा.

सांसदों ने सवालों और बहस के बीच रिपब्लिकन प्रतिनिधि जेरी सेक्सटन के मूल विधेयक के पक्ष में 55-38 मतदान किया.

सभा अध्यक्ष बेथ हरवेल, आरडी-नैशविले उन 20 रिपब्लिकन में शामिल हैं जिन्होंने इसके खिलाफ वोट किया.

केवल 6 डेमोक्रट्स ने विधेयक के पक्ष में मतदान किया जबकि 6 लोग जिनमें हाउस माईनोरिटी लीडर क्रेग फित्ज़ुग हैं, जो वोटिंग में शामिल नहीं हुए.

दिल्ली सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए डीवार्मिंग कार्यक्रम का तीसरा चरण आरंभ किया-(18-APR-2015) C.A

|
दिल्ली सरकार ने 16 अप्रैल 2015 को बड़े स्तर पर डीवार्मिंग कार्यक्रम का तीसरा चरण आरंभ किया. इस चरण में 3032 स्कूलों के 3.7 मिलियन बच्चों तथा 11,500 आंगनवाड़ियों को राज्यव्यापी अभियान के रूप में शामिल किया जायेगा.

यह तीसरा चरण वर्ष 2012 से आगे नहीं बढ़ पाया है. इसका आरंभ दिल्ली स्वास्थ्य सेवा निदेशालय तथा परिवार कल्याण विभाग सहित एविडेंस एक्शन डीवार्म की देख रेख में शुरू किया गया.

इस अभियान में एक चबाने वाली एल्बेंडाज़ोल गोली कक्षा 3 से कक्षा 12 वीं के छात्रों को दी जाएगी. नर्सरी के छात्रों को यह घोल कर पिलाई जाएगी.


एल्बेंडाज़ोल एक बेन्ज़िमिदाज़ोल दवा है जिसका प्रयोग परजीवी कृमि के उपचार के लिए किया जाता है. कार्यक्रम का तीसरा चरण राज्य स्तरीय अभियान के तहत नेशनल डीवार्मिंग डे के रूप में आरंभ किया गया.

केंद्र सरकार ने 10 फ़रवरी 2015 को नेशनल डीवार्मिंग डे घोषित किया है ताकि इस दिन बड़े स्तर पर स्कूल आधारित कार्यक्रम आरंभ कर के परजीवी कृमि के उपचार के लक्ष्य को हासिल किया जा सके.

भारत में मिट्टी से शरीर में प्रवेश करने वाले परजीवियों की स्थिति

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के अनुसार परजीवी कृमि भारत में एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य समस्या है जिसमें 1 से 14 वर्ष तक के 241 मिलियन बच्चे इससे प्रभावित हैं.

भारत में मिट्टी से शरीर में प्रवेश करने वाले परजीवियों की समस्या विश्व में सबसे अधिक है. यह बच्चों के शरीर में प्रवेश कर के एनीमिया, कुपोषण, मानसिक तथा शारीरिक विकास में रुकावट का कारण बनते हैं.

स्कूल में परजीवी कृमि की समस्या से निपटान को सर्वत्र सुरक्षित, सरल और लागत प्रभावी माना गया है. इससे होने वाला लाभ तत्काल तथा स्थायी होता है.

इसके नियमित उपचार से स्कूलों में 25% तक अनुपस्थिति कम हो सकती है तथा वयस्कों की आय में 20% तक वृद्धि हो सकती है.

एशिया स्क्वॉश महासंघ ने वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की-(18-APR-2015) C.A

|
एशिया स्क्वॉश महासंघ (एएसएफ) ने 16 अप्रैल 2015 को वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की. दक्षिण कोरिया के इंचियोन में वर्ष 2014 में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरूष टीम को "आउटस्टैंडिंग टीम ऑफ द ईयर" अवार्ड के लिए चुना गया.
भारतीय टीम के कोच साइरस पोंचा को "कोच ऑफ द ईयर" अवार्ड के लिए नामांकित किया गया. भारतीय जूनियर खिल़ाडी कुश कुमार को उनके प्रदर्शन के लिए "हसन मूसा अवार्ड" के लिए चुना गया.
एएसएफ परफारमेंस पुरस्कार 2014

दातो एलेक्स ली पुरस्कार - "आउटस्टैंडिंग टीम ऑफ द ईयर" 
•    पुरुष: अब्दुल्ला के.एच. अल-मुजेयान (कुवैत)
•    महिला: निकोल डेविड (मलेशिया)

हसन मूसा पुरस्कार - "आउटस्टैंडिंग परफारमेंस ऑफ द ईयर"
•    कुश कुमार (भारत)
•    वैनेसा राज (मलेशिया)

एएसएफ पुरस्कार – "आउटस्टैंडिंग टीम ऑफ द ईयर"

•    पुरुष टीम: भारत पुरुष टीम - एशियाई खेल 2014
•    महिला टीम: मलेशिया महिला विश्व टीम 2014

एएसएफ कोच पुरस्कार 2014

•    कोच ऑफ द ईयर: नासिर सईद जहरान (कुवैत) और साइरस पोंचा (भारत)
•    जूनियर कोच ऑफ द ईयर: ल्यूंग कान फई डिक (हांगकांग, चीन)
•    डेवलेपमेंट कोच ऑफ द ईयर: कांग हो सक (कोरिया)

ट्राई ने नेट न्यूट्रैलिटी के समर्थन में तीन लाख ईमेल प्राप्त किए-(18-APR-2015) C.A

|
नेट न्यूट्रैलिटी : इंटरनेट पर सभी डेटा के साथ समान व्यवहार के सिद्धांत
नेट न्यूट्रैलिटी शब्द अप्रैल 2015 में खबरों में रहा. नेट न्यूट्रैलिटी सिद्धांत के अनुसार कोई भी सर्विस प्रदान करने वाली कंपनी इंटरनेट के किसी भी कंटेट, डेटा और एप्लीकेशंस को बराबरी का दर्जा देगी. कोई भी वेबसाइट और पेज तब तक ब्लॉक नहीं किए जाए जब तक कि उस पर कोई गैर कानूनी तथ्य न हो. इसका अर्थ यह हुआ कि छोटी-बड़ी सभी वेबसाइट को इंटरनेट समान रूप से जगह देगी.
नेट न्यूट्रैलिटी शब्द का पहली बार इस्तेमाल कोलंबिया यूनिवर्सिटी में मीडिया लॉ के प्रोफेसर टीम वू ने किया था.  

यह शब्द खबरों में क्यों था?
14 अप्रैल 2015 तक भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने 27 मार्च 2015 को जारी नेट न्यूट्रैलिटी के परामर्श पत्र के जवाब में तीन लाख ईमेल प्राप्त किए.

टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने हाल ही में मुफ्त इंटरनेट प्लान 'एयरटेल जीरो' लॉन्च किया. जिसे लेकर विवाद हो गया. इस प्लान के जरिये ग्राहक कई एप्लिकेशन्स को बिना किसी डेटा चार्ज के ही इस्तेमाल कर सकेंगे.
  लेकिन ग्राहक केवल उसी वेबसाइट को ब्राउज या डाउनलोड कर सकेंगे जो एयरटेल के साथ रजिस्टर्ड होंगी.

एयरटेल के साथ 'एयरटेल जीरो' प्लान में रजिस्टर होने वाली फ्लिपकार्ट पहली बेवसाइट थी. इसके साथ ही यूजर्स फ्लिपकार्ट की रेटिंग कम करने लगे थे. फ्लिपकार्ट ने नेट न्यूट्रेलिटी का समर्थन करते हुए 14 अप्रैल 2015 को एयरटेल जीरो से हटने की घोषणा की.

वर्ष 2015 में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद: मूडीज-(18-APR-2015) C.A

|
ग्लोबल रेटिंग एजेंसी मूडी ने 17 अप्रैल 2015 को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए वर्ष 2015 में 7.5 प्रतिशत विकास का पूर्वानुमान लगाया है. यह वृद्धि दर 2014 (7.2 प्रतिशत) की तुलना में मामूली बढ़त के साथ अनुमानित की गयी है.

रिपोर्ट के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था बढ़त पर है तथा घरेलू मांग की गति बढ़ने से इसके दूरंदेशी लाभ के संकेत भी दिखाई देते हैं.

इसके अलावा मुद्रास्फीति कम होने के कारण रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा ब्याज दरों में 50 आधार अंकों की कटौती किये जाने से निजी क्षेत्र से दबाव भी कम हुआ है.


कम ब्याज दर के साथ-साथ सरकार को बुनियादी ढांचे और विनिवेश कार्यक्रमों में घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देना चाहिए.

ऐसा कहा जाता है कि भारत में लालफीताशाही और विभिन्न टैक्सों के कारण विदेशी निवेश कमज़ोर रहा है लेकिन अधिक से अधिक विदेशी निवेश के लिए सरकार इन नियमों को कम करने हेतु उत्साहवर्धक कदम उठा रही है.
 

विनिवेश के लिए वित्त वर्ष 2015-2016 में 70,000 करोड़ रुपए जुटाने की योजना के तहत सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र में बिक्री आरंभ कर दी है. कम सरकारी खर्च आने वाले वर्ष के लिए एक एक नकारात्मक पक्ष हो सकता है क्योंकि यदि राजस्व होगा तो सरकार 2015-2016 के लिए 3.9 प्रतिशत घाटे के लक्ष्य को पूरा करने के लिए खर्च में कटौती की घोषणा कर सकती है.

विकास के अनुमानों में उस समय और तेज़ी आई जब 9 अप्रैल 2015 को मूडीज ने अपने अनुमान के अनुसार भारत की अर्थव्यवस्था को स्थिर से सकारात्मक रेटिंग दी.
 

इससे पहले 14 अप्रैल 2014 को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) अपने अप्रैल 2015 के वर्ल्ड इकनोमिक आउटलुक में बताया था कि भारत 2015-16 में सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में चीन से आगे निकल जाएगा.

विश्व बैंक ने 13 अप्रैल 2015 को जारी अपनी दक्षिण एशिया आर्थिक फोकस रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया कि भारतीय अर्थव्यवस्था 2015-16 में 7.5 प्रतिशत से बढ़ेगी तथा 2017-18 में यह आंकड़ा 8 प्रतिशत तक पहुंच सकता है.

सत्य नडेला ‘चैंपियन आफ चेंज’ पुरस्कार से सम्मानित-(17-APR-2015) C.A

| Friday, April 17, 2015
माइक्रोसाफ्ट के भारतीय मूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला को 16 अप्रैल 2015 को चैंपियन आफ चेंजपुरस्कार से सम्मानित किया गया. वे 12 स्थानीय चैंपियंस में से एक है जिन्हें अनुकरणीय नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया.
'चैंपियंस ऑफ चेंज' का पुरस्कार उन्हें दिया जाता है जो कर्मचारियों के परिवारों की मदद करते हैं और अपनी कंपनी, समुदाय या संगठन में बीमारी भत्ता, समान वेतन आदि की वकालत करते हैं.
सत्य नडेला पहले भारतीय मूल के माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) है. सत्य नडेला को अपने कर्मचारी के अनुकूल पहल के लिए चैंपियन आफ चेंजपुरस्कार के लिए नामित किया गया.

माइक्रोसाफ्ट ने हाल ही में घोषणा की है कि अगले वर्ष 2016 तक यह सुनिश्चित करने के लिए बदलाव करेगी की अमेरिका में माइक्रोसाफ्ट के साथ कारोबार करने वाले आपूर्तिकर्ता हर वर्ष उन कर्मचारियों को कम से कम 15 दिन के वेतन सहित छुट्टी दें जो माइक्रोसाफ्ट का काम देखते हैं.
अन्य चैंपियन आफ चेंज
•    मेलिसा ब्रूम
•    डेविड डिएरी
•    नेत्सी फ्रीस्टीन
•    एनेलिया मेजिया
•    रैंडी जॉर्ज
•    फातिमा हसन
•    रोज मेरसेरियो 
•    एंड्रिया पेलूसो
•    रेनी स्ट्रोम
•    रिसोंडा यंग
•    कोरामिनिटा मार

प्रधानमंत्री मोदी को कनाडा के प्रधानमंत्री द्वारा प्राचीन भारतीय मूर्ति पैरेट लेडी भेंट की गयी-(17-APR-2015) C.A

|

कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने 16 अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राचीन भारतीय मूर्ति पैरेट लेडी भेंट की. यह भेंट उन्हें उनकी आधिकारिक कनाडा यात्रा के दौरान भेंट की गयी.

पैरेट लेडी एक आदमकद मूर्ति है जो बलुआ पत्थर से बनी है. ऐसा माना जाता है कि यह लगभग 900 वर्ष पुरानी है. इसमें नायिका की पीठ पर एक तोता बैठा है. यह मूर्ति मध्य प्रदेश के खजुराहो मंदिरों में लगाने के लिए बनायी गयी थी. खजुराहो को यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत स्थल की सूची में शामिल किया गया है.


पैरेट लेडी की यह मूर्ति 2011 में कनाडा में पाई गयी थी. इसे एक व्यक्ति से उस समय उचित दस्तावेज नहीं होने के कारण सांस्कृतिक संपदा निर्यात और आयात कानून के तहत जब्त कर लिया गया था. इसे कनाडा के एडमोंटन स्थित केनेडियन हेरिटेज विभाग में रखा गया था.

रूस और पाकिस्तान पहली बार संयुक्त सैन्य अभ्यास करने के लिए सहमत हुए-(17-APR-2015) C.A

|
रूस और पाकिस्तान 16 अप्रैल 2015 को रक्षा संबंधों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पहली बार संयुक्त सैन्य अभ्यास करने के लिए सहमत हुए. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ और उनके रूसी समकक्ष सेर्गेई शोइगू के बीच मॉस्को में हुई बैठक में यह समझौता हुआ.

समझौते की मुख्य विशेषताएं
·         दोनों देश रक्षा उद्योग और सैन्य प्रशिक्षण में सहयोग बढ़ाने के लिए सहमत हुए.
·         हथियारों और उपकरण का आयात बढ़ाने पर भी सहमत हुए.
·         वे सैन्य अभ्यास में संयुक्त भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सहमत हुए.
·         विवाद राजनयिक तरीके से सुलझाने और बल का इस्तेमाल बंद करने पर दोनों देश तैयार हो गए.

पृष्ठभूमि
रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने नवंबर 2014 में पिछले 45 वर्षों में पहली बार पाकिस्तान यात्रा के दौरान रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए सैन्य सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए.