सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की-(11-OCT-2013) C.A

| Friday, October 11, 2013

भारत के क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा 10 अक्टूबर 2013 को की. सचिन तेंदुलकर ने यह जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन को फोन पर दी. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में अपना 200वां टेस्ट मैच खेलकर संन्यास लेंगे. यह मैच (टेस्ट श्रृंखला का दूसरा) 14 नवंबर 2013 से मुंबई में खेला जाना है जबकि इस श्रृंखला का पहला मैच 6 नवबर से खेला जाना है. सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ वर्ष 1989 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. उन्हें लिटिल मास्टर व मास्टर ब्लास्टर के नाम से भी जाना जाता है.

विदित हो कि सचिन तेंदुलकर ने दिसंबर 2012 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था. वह टी-20 मैचों से भी संन्यास ले चुके हैं.
 
सचिन रमेश तेंदुलकर के आंकड़े पर एक नजर
सचिन तेंदुलकर ने 198 टेस्ट मैचों में 53.87 की औसत से 15,837 रन बनाए. अपने 25 सालों के क्रिकेट करियर में सचिन ने 51 शतक और 67 अर्धशतक जड़े. सचिन का टेस्ट क्रिकेट में उच्चतम स्कोर 248 नॉट आउट है जो उन्होंने बांग्लादेश में 2004 में बनाया था. सचिन ने अपना अंतिम टेस्ट शतक 2011 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था. सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 6 बार दोहरा शतक भी बनाया है. अपने करियर में सचिन जहां 33 बार नॉट आउट रहे. वहीं 14 बार वह खाता खोलने में नाकाम रहे. टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर ने कुल 45 विकेट लिए. इसके अलावा सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 115 कैच भी पकडे.

सचिन रमेश तेंदुलकर

भारत के क्रिकेट खिलाड़ी सचिन रमेश तेंदुलकर दाहिने हाथ के बल्लेबाज हैं. क्रिकेट की बाइबिल माने जाने वाली विज्डन की रैंकिंग के अनुसार टेस्ट क्रिकेट में डॉन ब्रेडमैन के बाद सचिन तेंदुलकर विश्व के दूसरे सबसे महानतम बल्लेबाज हैं, जबकि एकदिवसीय क्रिकेट में विवियन रिचर्ड्स के बाद सचिन तेंदुलकर दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं. सचिन तेंदुलकर मुंबई, महाराष्ट्र से संबंधित हैं. सचिन तेंदुलकर छह क्रिकेट विश्व कप प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं, वह वर्ष 2011 विश्व कप को जीतने वाली भारतीय टीम के भी सदस्य रहे.

सचिन तेंदुलकर के एकदिवसीय क्रिकेट कॅरियर से संबंधित कुछ मुख्य तथ्य:
सचिन ने 16 वर्ष की उम्र में वर्ष 1989 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रवेश किया. 
सचिन तेंदुलकर ने अपना पहला अर्ध शतक अपने कॅरियर के 9वें एकदिवसीय मैच में बनाया, उन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 96 अर्ध शतक बनाए हैं.
एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने वाले सचिन तेंदुलकर विश्व के पहले खिलाड़ी हैं. उन्होंने ग्वालियर में वर्ष 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह दोहरा शतक लगाया.
सचिन तेंदुलकर ने 16 मार्च 2012 को बांग्लादेश के खिलाफ अपना 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया. वह 100 शतक बनाने वाले क्रिकेट के इतिहास के एकमात्र बल्लेबाज बने.
शेरे बांग्ला नैशनल स्टेडियम, मीरपुर में सचिन तेंदुलकर ने अपना अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप ढाका के अंतर्गत खेला.
सचिन तेंदुलकर ने वर्ष 1994 में अपने कॅरियर के 79वें एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में अपना पहला शतक लगाया.
भारतीय क्रिकेट टीम के दाएं हाथ के बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को 26 फरवरी 2012 को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की आजीवन मानद सदस्यता दी गई.




0 comments:

Post a Comment