रोहित शर्मा ने एक दिवसीय क्रिकेट के इतिहास में दो बार दोहरा शतक लगाकर विश्व रिकार्ड बनाया-(14-NOV-2014) C.A

| Friday, November 14, 2014
भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी रोहित शर्मा ने 13 नवंबर 2014 को एक दिवसीय क्रिकेट के इतिहास में दोहरा शतक लगाकर विश्व रिकार्ड बनाया. श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे एक दिवसीय अंतराष्ट्रीय (वन-डे इंटरनेशनल) मैच में बनाए अपने करियर के इस दूसरे दोहरे शतक के साथ ही रोहित शर्मा ने न सिर्फ सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग के 219 के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया, बल्कि 250 का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन गए. वर्ष 2013 में रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रन बनाए थे.
कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे शृंखला के चौथे एक-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रोहित ने कुल 173 गेंदों का सामना किया, और 33 चौकों और नौ छक्कों की मदद से 264 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया. वह पारी की आखिरी गेंद पर नुवान कुलशेखरा की गेंद पर श्रीलंका के खिलाड़ी महेला जयवर्द्धने द्वारा कैच कर लिए गए. रोहित ने अपना दोहरा शतक 151 गेंदों पर पूरा किया  और उस समय तक उन्होंने 25 चौके और पांच छक्के लगाये. भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली के साथ मिलकर आराम से बल्लेबाजी की। रोहित ने अपने करियर का 24वां एक-दिवसीय अर्द्धशतक 71 गेंदों में पूरा किया. रोहित का शतक 100 गेंदों में पूरा हुआ था, और उस वक्त तक वह 12 चौके और एक छक्का मार चुके थे.
विदित हो कि एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोहरे शतक अब तक सिर्फ रोहित सहित तीन बल्लेबाजों ने बनाये हैं, और वे तीनों ही भारतीय हैं. यह रिकार्ड सबसे पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बनाया था, और 200 नॉटआउट रन बनाए थे. उनके बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 219 रन बनाकर सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा था एवं वर्ष 2013 में रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रन बनाए थे.


0 comments:

Post a Comment