विश्व बैंक ने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था घोषित की-(02-MAY-2013) C.A

| Friday, May 2, 2014
विश्व बैंक (WB) द्वारा अप्रैल 2014 के चौथे सप्ताह में जारी एक रिपोर्ट में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था घोषित की गई.
विश्व बैंक द्वारा जारी इस रिपोर्ट के अनुसार भारतीय अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोड़ कर अमेरिका और चीन के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है. विश्व बैंक ने संबंधित देशों के निवासियों की खरीद क्षमताके आधार पर इस रिपोर्ट को तैयार किया.

इस रिपोर्ट में वर्ष 2005 और वर्ष 2011 के बीच विभिन्न देशों के निवासियों की खरीद क्षमता की स्थिति का तुलनात्मक अध्ययन किया गया है. इस रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2005 में भारत 10वें स्थान पर था लेकिन वर्ष 2011 में यह तीसरे स्थान पर आ गया है. वर्ष 2004-05 से वर्ष 2010-11 के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर औसतन 8 प्रतिशत से ज्यादा रही.

विश्व बैंक के इस रिपोर्ट के अनुसार खरीद क्षमता के हिसाब से दुनिया के कुल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में भारत की हिस्सेदारी 6.4 प्रतिशत है. इससे ज्यादा अमेरिका की 17.1 प्रतिशत और चीन की 14.9 प्रतिशत है वहीं जापान 4.8 प्रतिशत वैश्विक खरीद क्षमता के साथ चौथे स्थान पर है. 
इस रिपोर्ट के अनुसार प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत का स्थान विश्व में 127वां है. इस रिपोर्ट में माना गया है कि हाल के वर्षो में महंगाई दर ज्यादा होने के बावजूद भारत दुनिया के सबसे सस्ते 10 देशों में शामिल है.

विदित हो कि विश्व बैंक संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक वित्त और वित्तीय सलाह प्रदाता विशिष्ट संस्था है. इसकी स्थापना वर्ष 1944 में हुई थी. विश्व बैंक का मुख्य उद्देश्य सदस्य राष्ट्रों को पुनर्निमाण और विकास के कार्यों में आर्थिक सहायता देना है. विश्व बैंक का मुख्यालय अमेरिका के वाशिंगटन में स्थित है.


0 comments:

Post a Comment