भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जोरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने डब्ल्यूटीए सिडनी इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने के साथ ही 13 जनवरी 2016 को इतिहास रच दिया. सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने डब्ल्यूटीए टूर में लगातार 29वीं जीत दर्ज कर विश्व कीर्तिमान बनाया.
दुनिया की नंबर एक जोड़ी सानिया-हिंगिस ने सेमीफाइनल में रोमानिया की रालुका ओलास और कजाकिस्तान की यारोस्लावा श्वेडोवा को कड़े संघर्ष के बाद 4-6, 6-3, 10-8 से हराया. ओलास और श्वेडोवा की जोड़ी ने मैच में मजबूत शुरुआत करते हुए पहला सेट 6-4 से जीत लिया था, लेकिन सानिया-हिंगिस ने अगले सेट में जबर्दस्त वापसी कर इसे 6-3 से जीता. इसके बाद सुपर टाइब्रैक जीतकर इंडो-स्विस जोड़ी ने खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया.
विदित हो कि यह सानिया-हिंगिस की लगातार 29वीं जीत रही. उन्होंने इसी के साथ वर्ष 1994 में प्यूर्टो रिको की गिगी फर्नांडिज और बेलारूस की नतालिया ज्वेरेवा के लगातार 28 जीत के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में चेन लियांग-शुआई पेंग को सीधे सेटों में हराकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी. पिछले वर्ष से अभी तक सानिया-हिंगिस 10 खिताब अपने नाम कर चुकी हैं और अपने 11वें खिताब से एक कदम दूर है.
0 comments:
Post a Comment