भारत, जर्मनी द्वारा हरित उर्जा कॉरिडोर हेतु 125 मिलियन यूरो के दो समझौतों पर हस्ताक्षर-(08-OCT-2015) C.A

| Thursday, October 8, 2015
भारत सरकार एवं फेडरल रिपब्लिक ऑफ़ जर्मनी (केएफडब्ल्यू) ने 5 अक्टूबर 2015 को 125 मिलियन यूरो के दो समझौतों पर हस्ताक्षर किये. इन समझौतों का उद्देश्य हरित उर्जा कॉरिडोर कार्यक्रम को वित्तीय सहायता प्रदान करना है. यह दो परियोजनाएं हिमाचल प्रदेश एवं आंध्र प्रदेश में कार्यान्वित की जायेंगी.

जर्मनी हिमाचल प्रदेश परियोजना में 57 मिलियन यूरो तथा आंध्र प्रदेश परियोजना में 68 मिलियन यूरो की सहायता राशि प्रदान करेगा.

हरित उर्जा कॉरिडोर

हरित उर्जा कॉरिडोर कार्यक्रम का उद्देश्य अक्षय ऊर्जा के प्रवाह को सुविधाजनक बनाना है. दूसरे शब्दों में, ग्रिड में पारंपरिक ऊर्जा स्टेशनों के साथ, सौर और पवन उर्जा के अक्षय स्रोतों से उत्पादित बिजली को देश भर में उपलब्ध कराना है.

इस परियोजना को पावरग्रिड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड द्वारा वर्ष 2012 में तैयार किया गया तथा इसकी कुल लागत 43,000 करोड़ रुपये है.

अप्रैल 2013 में बर्लिन में हुई दूसरी इंडो-जर्मन गवर्नमेंट कंसल्टेशन के दौरान जर्मनी ने विकास और तकनीकी सहायता के लिए प्रतिबद्धता जाहिर की थी.

अक्षय उर्जा भारत-जर्मनी पार्टनरशिप का विशेष क्षेत्र है. इसके बारे में हेनोवर में अप्रैल 2015 में संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया था.

सामुद्रिक सुरक्षा के लिए अमेरिका, भारत और जापान के बीच सहमति-(08-OCT-2015) C.A

|
सामुद्रिक सुरक्षा के लिए अमेरिका, भारत और जापान के बीच अक्टूबर 2015 में सहमति बनीं. इसके तहत भारत-प्रशांत क्षेत्र में भारत, जापान और अमेरिका के समान हितों पर प्रकाश डालते हुए तीनों देशों ने दक्षिण चीन सागर समेत क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कानून, विवादों के शांतिपूर्ण हल और नौपरिवहन की आजादी के महत्व को रेखांकित किया.

भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, जापान के विदेश मंत्री फुमियो किशहिदा और अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी न्यूयॉर्क में पहले भारत-अमेरिका-जापान त्रिपक्षीय मंत्रिस्तरीय वार्ता में शामिल हुए. जिसमें उन्होंने बेहतर सहयोग के माध्यम से समुद्री सुरक्षा बनाए रखने के लिए साथ काम करने पर सहमति जतायी. इस बैठक के बाद जारी की गयी विज्ञप्ति में तीनों मंत्रियों ने भारत-प्रशांत क्षेत्र में अपने अपने देश के हितों की बढ़ती समानता को रेखांकित किया. इसके साथ ही उन्होंने दक्षिण चीन सागर समेत क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कानून एवं विवादों के शांतिपूर्ण हल, नौपरिवहन एवं समुद्र के ऊपर उड़ान की आजादी और बेरोकटोक वैध वाणिज्य के महत्व को रेखांकित किया.

भारत-जर्मनी के बीच 18 सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर-(08-OCT-2015) C.A

|
भारत एवं जर्मनी के बीच 5 अक्टूबर 2015 को 18 सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर हुआ. भारत की यात्रा पर आयीं जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोनों देशों के आपसी व्यापार व रणनीतिक सहयोग के 18 क्षेत्रों में एमओयू-सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए.
दोनों देशों ने पर्यावरण सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा, हरित व स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने को प्राथमिकता के रूप में स्वीकार किया. जर्मनी ने भारत में सौर ऊर्जा के लिए एक अरब यूरो का कोष बनाने का ऐलान किया. समझौते के मुताबिक भारत में जर्मन कंपनियों को तेजी से मंजूरी देने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी. इसके साथ ही दोनों देशों ने सुरक्षा परिषद में सुधार पर फिर से सहमति जताई और आतंकवाद व उग्रवाद से साझा लड़ाई का ऐलान किया. समझौते के मुताबिक रक्षा,सुरक्षा,खुफिया जानकारी,रेलवे,व्यापार, निवेश और स्वच्छ ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संबंधों को विस्तार दिया जाएगा. बातचीत के बाद संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारा ध्यान आर्थिक संबंधों पर है. लेकिन मेरा मानना है कि असीमित चुनौतियों और अवसरों के संसार में भारत और जर्मनी दुनिया के लिए और अधिक मानवीय, शांतिपूर्ण, न्यायोचित तथा टिकाउ भविष्य हासिल करने में भी मजबूत साझेदार हो सकते हैं.
मेक इन इंडिया के लिए विशेष सहयोग पर जोर:

जर्मनी की कंपनियों के लिए फास्ट-ट्रैक मंजूरी प्रक्रिया पर समझौते के तहत जर्मन कंपनियों को परियोजनाओं के लिए एकल बिंदु, सिंगल विंडो अप्रूवल दिया जाएगा. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक जर्मन कंपनियों को प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी मेक इन इंडिया पहल से जोड़ने और निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करना है.

विदित हो कि जर्मन भाषा को भारत में एक विदेशी भाषा के तौर पर और आधुनिक भारतीय भाषाओं के जर्मनी प्रचार के संबंध में मानव संसाधन विकास मंत्रालय और जर्मनी के संघीय विदेश कार्यालय के बीच एक संयुक्त सहमति घोषणापत्र पर दस्तखत भी किये गये. इस करार को भारत में जर्मन भाषा विवाद के समाधान के तौर पर देखा जा रहा है.

इस्लामिक स्टेट ने पल्माइरा में आर्क ऑफ ट्राइअम्फ को नष्ट किया-(08-OCT-2015) C.A

|
आतंकी समूह आईएसआईएस ने 4 अक्टूबर 2015 को सीरिया स्थित पल्माइरा के लगभग 2,000 वर्ष पुराने एक मेहराब को नष्ट कर दिया. इसे ‘आर्क ऑफ ट्राइअम्फ’ के नाम से जाना जाता था.

ऐतिहासिक महत्व का यह मेहराब प्राचीन शहर में मशहूर स्तंभयुक्त गलियारे के ऊपर स्थित था जो रोमन साम्राज्य को फारस से जोड़ता था. यह मेहराब ऐतिहासिक इमारतों को नष्ट करने के आईएसआईएस के अभियान का ताजा हिस्सा है.

आईएसआईएस आतंकियों ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल पल्माइरा एवं आसपास के स्थानों पर मई 2015 से कब्जा कर रखा है.

आईएसआईएस द्वारा पल्माइरा में विध्वंस

•    27 जून 2015 को इस्लामिक स्टेट ने प्राचीन लायन ऑफ़ अल-लात प्रतिमा को नष्ट कर दिया था.
•    23 अगस्त 2015 को पहली शताब्दी के बाल्शमिन मंदिर को उड़ा दिया था.
•    30 अगस्त 2015 को आतंकियों ने टेम्पल ऑफ़ बेल नामक मंदिर को धमाकों से उड़ा दिया.
•    27 अगस्त 2015 से 2 सितंबर 2015 के बीच दूसरी शताब्दी के टावर ऑफ़ एलाहबेल को नष्ट कर दिया गया.

भारतीय साइकिलिस्ट देबोरा ने ताइवान अंतरराष्ट्रीय क्लासिक टूर्नामेंट में पांच पदक जीते-(08-OCT-2015) C.A

|
भारतीय साइकिलिस्ट देबोरा ने ताइवान कप ट्रैक अंतरराष्ट्रीय क्लासिक टूर्नामेंट में एक स्वर्ण सहित पांच पदक जीते.
20 वर्षीय देबोरा महिलाओं एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीत कर इलीट वर्ग में शीर्ष सम्मान प्राप्त करने वाली पहली भारतीय महिला साइकिल चालक बन गई. उन्होंने महिलाओं की इलीट स्प्रिंट में मलेशिया क शीर्ष राइडर को हराकर स्वर्ण पदक जीता. देबोरा ने कीरिन इवेंट में भी रजत पदक जीता.
इससे पहले देबोरा वर्ष 2013 में एशियन साइक्लिंग चैंपियनशिप में कांस्य और वर्ष 2014 के ट्रैक एशिया कप साइक्लिंग चैम्पियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं.
देबोरा के बारे में
20 वर्षीय देबोरा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की जनजाति से सबंध रखती है. उन्होंने अंडमान में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) से प्रशिक्षिण प्राप्त किया है.

रूस के सर्जेई कर्जेकिन ने फिडे विश्व शतरंज कप 2015 का खिताब जीता-(08-OCT-2015) C.A

|
रूस के सर्जेई कर्जेकिन ने 5 अक्टूबर 2015 को फाइनल में हमवतन पीटर स्विदलर को  6-4 से हराकर फिडे विश्व शतरंज कप 2015 का खिताब जीता. फिडे विश्व शतरंज कप 10 सितंबर 2015 से 5 अक्टूबर 2015 के बीच अज़रबैजान की राजधानी बाकू में आयोजित किया गया.
फाइनल में पहुंचने के साथ ही कर्जाकिन और स्विडलर ने वर्ष 2016 के कैंडिडेस टूर्नामेंट के लिए भी क्वालिफाई कर लिया. शतरंज विश्व कप विश्व चैम्पियनशिप और कैंडिडेस टूर्नामेंट के बाद शतरंज का तीसरा सबसे बड़ा टूर्नामेंट है.
सेर्गेई कर्जेकिन के बारे में
सेर्गेई कर्जेकिन रूस के शतरंज ग्रैंडमास्टर है. इनका जन्म जनवरी 1990 को यूक्रेन में हुआ था. कर्जेकिन छह शतरंज ओलम्पियाड, यूक्रेन के लिए तीन बार और रूस के लिए तीन बार, तीन स्वर्ण पदक, दो रजत और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं. वह फिडे विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर हैं.

रूस ने यूरोपीयन महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2015 का खिताब जीता-(08-OCT-2015) C.A

|
रूस की महिला वॉलीबॉल टीम ने 5 अक्तूबर 2015 को नीदरलैंड को हराकर यूरोपीयन महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीता.
रॉटर्डम, नीदरलैंड में आयोजित फाइनल मुकाबले में रूस की टीम ने नीदरलैंड को 3-0 (25-14, 25-20, 25-20) से हराया. नीदरलैंड ने सेमीफाइनल में तुर्की को 3-0 से हराया था. रूस की तातियाना कोशिलेवा (Tatiana Kosheleva) को टूर्नामेंट का मोस्ट वेल्यूबल प्लेयर घोषित किया गया.
रूस ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीता. रूस का यह 19वां यूरोपीयन खिताब है. हालांकि रूस ने 13 खिताब सोवियत संघ के समय जीते थे.
दूसरी ओर, नीदरलैंड ने तीसरी बार दूसरा स्थान प्राप्त किया. वर्ष 1991 और 2009 में भी नीदरलैंड की टीम उपविजेता रही थी. नीदरलैंड ने वर्ष 1995 में एकमात्र यूरोपीयन वॉलीबॉल खिताब जीता था.
सर्बिया की महिला वॉलीबॉल टीम ने यूरोपीयन महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता. वर्ष 2015 की यूरोपीयन महिला वॉलीबॉल चैम्पियनशिप इस टूर्नामेंट का 29वां संस्करण था. यह टूर्नामेंट 26 सितंबर से 4 अक्टूबर 2015 के बीच नीदरलैंड और बेल्जियम में आयोजित किया गया.
यूरोपीयन वॉलीबॉल चैंपियनशिप 
यूरोपीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप सीइवी और यूरोपीय वालीबाल महासंघ द्वारा आयोजित की जाने वाली एक खेल प्रतियोगिता है. पहली यूरोपीय चैंपियनशिप वर्ष 1948 में इटली (पुरुष) में आयोजित की गई, जबकि प्रथम यूरोपीयन महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन वर्ष 1949 में चेकोस्लोवाकिया में किया गया था.

डेविड फेरर ने मलेशियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग का खिताब जीता-(08-OCT-2015) C.A

|
स्पेन के टेनिस खिलाड़ी डेविड फेरर ने 4 अक्तूबर 2015 को कुआलालंपुर में मलेशियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग का खिताब जीत लिया.
33 वर्षीय फेरर ने करियर के 50वें फाइनल में स्पेन के फेलिसियानो लोपेज लोपेज को 7-5, 7-7 से पराजित कर वर्ष का चौथा खिताब जीता. फेरर के करियर का यह 25वां एटीपी खिताब है.
इससे पहले टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में उन्होंने जर्मनी के बेंजामिन बेकर को 3-6, 6-2, 6-4 से हराया था.

चीन ने फीबा एशियन बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का खिताब जीता-(08-OCT-2015) C.A

|
चीन ने 3 अक्तूबर 2015 को फीबा एशियन बास्केटबॉल चैम्पियनशिप के पुरुष वर्ग का खिताब जीता.
चीन ने चांगशा-हुनान (चीन) में आयोजित फाइनल मुकाबले में फिलीपींस को 78-67 से हराया. इस जीत के साथ ही चीन ने वर्ष 2016 में होने वाले रियो ओलम्पिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया.
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में फिलीपींस के खिलाफ चीन के लिए यी जिआनलिआन ने सर्वाधिक 11 अंक जुटाए और 15 रीबाउंड हासिल किए. यी को टूर्नामेंट के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया.
चीन का यह 16वां एशियन बास्केटबॉल चैम्पियनशिप खिताब है, जिसने वर्ष 1975 से अब तक 21 एशियन चैम्पियनशिप मुकाबलों में हिस्सा लिया.
इस टूर्नामेंट में फिलीपींस को दूसरा और वर्ष 2014 के चैम्पियन ईरान को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ. चीन ने पिछली बार वर्ष 2011 में एशियन खिताब जीता था.
दूसरी ओर भारतीय बास्केटबॉल टीम 3 अक्तूबर 2015 को फीबा एशियन चैंपियनशिप में कतर के हाथों 58-84 से हार गई और भारत को इस टूर्नामेंट में 8वां स्थान प्राप्त हुआ. इससे पहले चीन की मेजबानी में वर्ष 2001 और 2003 में हुई एशियन चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम आठवां स्थान ही हासिल कर सकी थी.

पुर्तगाल के पिंटो ने एशिया की प्रीमियर माउंटेन बाइकिंग रेस जीती-(05-OCT-2015) C.A

| Monday, October 5, 2015
पुर्तगाल के लुईस लियो पिंटो ने 4 अक्टूबर 2015 को एशिया की प्रीमियर माउंटेन बाइकिंग रेस जीती. इस जीत के साथ ही उन्होंने दूसरी बार ‘किंग ऑफ़ द हिमालय’ का ख़िताब भी जीता. उन्होंने 600 किलोमीटर की रेस को 7 चरणों में, 27:29:22 के समय में, पूरा किया.

इससे पहले उन्होंने वर्ष 2013 में भी यह ख़िताब जीता था. 

एकल पुरुष वर्ग में दो अन्य प्रतिस्पर्धी थे, जर्मनी के एंडी सीवाल्ड एवं स्पेन के पाओ ज़मोरा. इस रेस में कुल 68 खिलाडियों ने भाग लिया जबकि 54 खिलाड़ी ही सीमा रेखा तक पहुंचने में सफल हुए.
इसके अतिरिक्त, कैथरीन विलियमसन (इंग्लैंड) महिला एकल श्रेणी में विजेता रहीं. दूसरे स्थान पर पुर्तगाल की इल्दा परेरा तथा तीसरे स्थान पर नेपाल की लक्ष्मी मगर रहीं.

रीमंड डीज़ेन मास्टर्स एकल श्रेणी के विजेता रहे.

खिलाड़ियों ने 5,000 फुट की ऊंचाई, 70 डिग्री के कोण पर, खतरनाक ढलान एवं संकरे रास्तों से होते हुए बाइक चलाई.

फ़ोर्ब्स इंडिया लीडरशिप अवार्ड्स–2015 मुंबई में प्रदान किये गये-(04-OCT-2015) C.A

| Sunday, October 4, 2015
फोर्ब्स  इंडिया लीडरशिप अवॉर्ड–2015, 30 सितंबर 2015 को मुंबई में प्रदान किये गये. 

फोर्ब्स  इंडिया लीडरशिप अवॉर्ड–2015 उन व्यक्तियों एवं संगठनों को प्रदान किये गये जो परिवर्तनकारी नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं व्यावसायिक नैतिकता द्वारा संगठन के लिए बेहतर नेतृत्व के रूप में प्रकट हुए हों.

फोर्ब्स इंडिया लीडरशिप अवार्ड्स-2015 के विजेताओं की सूची

•    आउटस्टैंडिंग स्टार्टअप ऑफ़ द इयर  – भावेश अग्रवाल एवं अंकित भाटी (ओला)
•    नेक्स्टजेन एंटरप्रेन्युर ऑफ़ द इयर – सिद्धार्थ लाल (आयशर मोटर्स लिमिटेड)
•    एंटरप्रेन्युर विद सोशल इम्पैक्ट – समित घोष (उज्जीवन फाइनेंशियल सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड)
•    कौंशियस कैपिटलिस्ट कंपनी ऑफ़ द इयर  – गोदरेज कंस्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड एवं गुजरात कोआपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (अमूल)
•    बेस्ट सीईओ – मल्टीनेशनल कंपनी – उदय शंकर (स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड)
•    बेस्ट सीईओ – पब्लिक सेक्टर – अरुन्धती भट्टाचार्य (स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया)
•    बेस्ट सीईओ – प्राइवेट सेक्टर – सी पी गुरनानी (टेक महिंद्रा लिमिटेड)
•    लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड फॉर द इयर – आर सी भार्गव (मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड)
•    एंटरप्रेन्युर ऑफ़ द इयर  - उदय कोटक (कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड)

फोर्ब्स इंडिया लीडरशिप पुरस्कार

यह पुरस्कार वर्ष 2011 में अमेरिकन मैगज़ीन फोर्ब्स द्वारा आरंभ किये गये.
इसका उद्देश्य देश में सर्वश्रेष्ठ उद्यमियों की पहचान एवं सम्मान करना है.

डॉ अनूप के पुजारी स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त-(04-OCT-2015) C.A

|
डॉ अनूप के पुजारी ने 1 अक्टूबर 2015 को स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया.

इससे पहले वे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार, में बतौर सचिव नियुक्त थे.

सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त उन्हें इस्पात मंत्रालय में सचिव पद का अतिरिक्त पदभार भी प्रदान किया गया है.

ए के पुजारी

वे कर्नाटक कैडर के वर्ष 1980 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.

उन्हें कई वर्षों का कर्नाटक राज्य में सार्वजनिक क्षेत्र के प्रबंधन का अनुभव है.

वे केंद्र सरकार में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं जिनमें वाणिज्य विभाग में विदेश व्यापार महानिदेशक का पद भी शामिल है.

एमएसएमई के सचिव के वर्तमान पोर्टफोलियो से पहले,  वे खदान मंत्रालय में सचिव पद पर कार्यरत थे.

सरत कुमार आचार्य ने एनएलसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का पद ग्रहण किया-(04-OCT-2015) C.A

|
सरत कुमार आचार्य ने 1 अक्टूबर 2015 को नेवेली लिग्नाइट कारपोरेशन लिमिटेड (एनएलसी) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया. 

वे बी सुरेन्द्र मोहन का स्थान लेंगे जो 30 सितंबर 2015 को सेवानिवृत हुए हैं.

वर्तमान पदभार संभालने से पहले वे एनएलसी में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यरत थे.

उन्हें भेल, एनटीपीसी, एनटीपीसी-सेल पॉवर कंपनी में 35 वर्षों तक कार्य करने का अनुभव प्राप्त है.

वे ओडिशा के रहने वाले हैं तथा उन्होंने रवेंशा कॉलेज एवं उत्कल यूनिवर्सिटी, ओडिशा से पढाई की है.

नेवेली लिग्नाइट कारपोरेशन लिमिटेड

यह भारत सरकार की एंटरप्राइज़ नवरत्न कंपनी है जो वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन कार्यरत है.

इसकी स्थापना वर्ष 1956 में हुई थी तथा इसका मुख्यालय चेन्नई में स्थित है.

यह नेवेली में तीन ओपेन कास्ट लिग्नाइट खदानों को संचालित करता है जिसकी कुल क्षमता प्रति वर्ष 28.5 लाख टन है. राजस्थान स्थित बरसिंगसर में एक ओपेन कास्ट लिग्नाइट खदान की क्षमता 2.1 मिलियन टन प्रति वर्ष है.

इसके अतिरिक्त तीन थर्मल पॉवर स्टेशन भी संचालित हैं. इसमें नेवेली स्थित 2490 मेगा वाट का एक स्टेशन तथा 250 मेगा वाट का एक स्टेशन राजस्थान स्थित बरसिंगसर में है.

प्रधानमंत्री द्वारा झारखंड में मुद्रा योजना की शुरुआत-(04-OCT-2015) C.A

|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2015 को झारखंड स्थित दुमका में मुद्रा योजना की शुरुआत की. इस योजना के तहत युवाओं को स्व-रोजगार के लिए एक लाख तक का ऋण दिया जाएगा.

मुद्रा योजना (माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी) के तहत झारखंड में एक लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा और राज्य में 212 करोड़ रुपए का वितरण होगा. कार्यक्रम के दौरान लीड बैंक अधिकारी जी.के. सोनी ने कहा कि अब तक मुद्रा योजना के तहत जिले में 2200 लोगों को ऋण स्वीकृत किया जा चुका है.

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने झारखण्ड के खूंटी में कोर्ट के सौर उर्जा संयंत्र का उद्घाटन भी किया. यह देश का पहला पूर्ण रूप से सौर उर्जा से संचालित कोर्ट है.

आठवीं एशियाई एयर गन चैंपियनशिप में हीना सिद्धू ने स्वर्ण पदक जीता-(04-OCT-2015) C.A

|
भारत की महिला पिस्टल शूटर हीना सिद्धू ने 8वीं एशियाई एयर गन चैंपियनशिप के दौरान 30 सितंबर 2015 को नई दिल्ली में आयोजित महिलाओं की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता.

पूर्व विश्व चैंपियन हीना ने 197.8 के स्कोर के साथ खिताब जीता. वह 40 शॉट के क्वालिफाइंग राउंड में भी 387 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं थीं. 

भारत की ही श्वेता सिंह ने 197.0 के साथ रजत पदक एवं कोरिया की सियोन ए किम ने 175.8 स्कोर के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया. भारत की यशस्विनी सिंह देशवाल 155.3 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं.

भारत छह स्वर्ण सहित कुल 17  पदक जीतकर तालिका में शीर्ष पर रहा. भारत ने छह स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य सहित कुल 17 पदक जीते.

इस प्रतिस्पर्धा में ईरान 12 पदकों (छह स्वर्ण एवं पांच रजत पदक) के साथ दूसरे एवं ताइपेई एक स्वर्ण, दो रजत एवं दो कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा.